Kanpur Dehat accident: घाटमपुर के दो भाइयों की मौत से परिवार में कोहराम, मेडिकल कॉलेज में मचा हाहाकार
By
Jan 7, 2026
कानपुर देहात के घाटमपुर क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार के लिए मंगलवार की रात कहर बनकर आई। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के खलीलपुर के पास हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। दोनों भाई बाइक पर सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही गांव असवागपुर में मातम छा गया। परिजन रात में ही अकबरपुर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां दोनों की मौत की पुष्टि होने पर कोहराम मच गया।
मृतकों की पहचान ध्रुव सिंह और अंकित के रूप में हुई है, जो असवागपुर के निवासी थे। ध्रुव की मां सुनीता अपने बेटे का शव देखकर बदहवास हो गईं, जबकि भाई अजय और बहन सोनम का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, अंकित की मां मीना देवी भी सदमे में हैं। अंकित के पिता जयसिंह ने बिलखते हुए कहा कि इस हादसे ने उनके बुढ़ापे का सहारा छीन लिया और घर का चिराग बुझ गया। पुलिस ने घटना की जांच कर रही है।
