शिवी के शानदार प्रदर्शन से यूपी की जीत, क्वार्टर फाइनल में प्रवेश
69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंडर-19 बालिका क्रिकेट वर्ग में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार को 54 रनों से मात दी। इस जीत के साथ ही यूपी की टीम ने क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में खेले गए इस मुकाबले में यूपी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 147 रनों का स्कोर खड़ा किया।
यूपी की ओर से शिबू सिंह पाल और शिवी सिंह ने 45-45 रनों का योगदान दिया, जबकि रेखा ने 23 रन बनाए। बिहार की ओर से गेंदबाजी में काजल और प्रतिभा ने दो-दो विकेट हासिल किए।
बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए बिहार की टीम यूपी की कसी हुई गेंदबाजी के सामने मात्र 93 रन ही बना सकी और 20 ओवरों में सात विकेट खो दिए। बिहार की ओर से प्रतिभा ने सर्वाधिक 18 रन बनाए। उत्तर प्रदेश की ओर से शिवी सिंह ने घातक गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके, वहीं ईशा पांडे ने एक विकेट लिया। कानपुर की युवा खिलाड़ी शिवी सिंह को उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस जीत से राज्य की युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है और उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
