इंदौर की घटना के बाद Hardoi news: हरदोई में नालियों से गुजर रहे पेयजल कनेक्शन की जांच शुरू, गंदे पानी से मुक्ति की तैयारी
इंदौर में दूषित पानी के कारण कई लोगों के बीमार होने और कुछ की मौत होने की घटना सामने आने के बाद हरदोई नगर पालिका परिषद प्रशासन सतर्क हो गया है। पालिका ने शहर में नालियों के अंदर से होकर घरों को जाने वाले पेयजल कनेक्शनों की तलाश शुरू कर दी है।
नगर पालिका परिषद हरदोई में अभी भी पुरानी पाइपलाइनों के माध्यम से पेयजलापूर्ति होती है। इन पाइपलाइनों से घरों में जाने वाले अधिकतर कनेक्शन नालियों में डूबे हुए हैं, जिनमें अक्सर जोड़ भी होते हैं। लीकेज की समस्या होने पर नालियों का गंदा पानी इन पाइपों के माध्यम से घरों तक पहुंच जाता है, जिससे दुर्गंध आती है और लोग दूषित पानी पीने को मजबूर होते हैं।
हालांकि, समस्या होने पर लोग पालिका में शिकायत दर्ज कराते हैं, जिनका निस्तारण कर दिया जाता है, लेकिन लोग खुद नालियों में डूबे पाइप को ऊंचा कराने की जरूरत नहीं समझते। इसका खामियाजा लोगों को स्वयं भुगतना पड़ता है। शासन के निर्देश के बाद पालिका प्रशासन ने नालियों के अंदर होते हुए घरों को जाने वाले पाइप को दुरुस्त कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
पालिकाध्यक्ष सुखसागर मिश्र मधुर ने बताया कि जहां पर पुरानी पाइपलाइन के माध्यम से घरों को पेयजल कनेक्शन दिए गए हैं, वहां सड़क व नालियां ऊंची हो गई हैं, जिससे यह समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने सभी कर्मियों को निर्देशित किया है कि ऐसे सभी कनेक्शनों को चिह्नित किया जाए और नालियों में डूबे पाइप को निकालकर ऊंचा कराया जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल मिल सके।
