मुजफ्फरपुर में नए साल का जोरदार स्वागत, आधी रात से गूंज उठा जश्न; Muzaffarpur news
मुजफ्फरपुर शहर ने नए साल 2026 का जोरदार स्वागत किया। बुधवार शाम से ही शहर डीजे, संगीत और आतिशबाजी के साथ जश्न में डूब गया। आधी रात को जैसे ही घड़ी की सुई 12 पर पहुंची, पूरा शहर ‘हैप्पी न्यू ईयर’ की गूंज से भर उठा। लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर नव वर्ष की बधाई दी और जश्न का दौर शुरू हो गया।
नए साल के स्वागत के लिए शहर के प्रमुख होटलों और रेस्टोरेंट में विशेष तैयारियां की गई थीं। कई जगहों पर म्यूजिकल नाइट और विशेष पैकेज की व्यवस्था थी, जहां परिवार और युगल जोड़ों ने जमकर मस्ती की। कड़ाके की ठंड के बावजूद लोगों का उत्साह चरम पर था। लोग देर रात तक सड़कों पर भी जश्न मनाते दिखे, जहां कार और बाइक पर सवार होकर युवाओं ने नए साल का स्वागत किया।
घरों और सोसाइटी में भी जश्न का माहौल था। अपार्टमेंट्स को सजाया गया था और लोग एकत्र होकर नाच-गाना कर रहे थे। छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों ने भी इस मौके पर जमकर मस्ती की। आधी रात से ही इंटरनेट मीडिया पर शुभकामना संदेशों की बाढ़ आ गई। लोगों ने अपनी तस्वीरें साझा कीं और रील्स बनाकर नए साल का जश्न मनाया।
नए साल के पहले दिन पार्कों में आने वाले लोगों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने विशेष व्यवस्था की। उपनगर आयुक्त ने जुब्बा सहनी पार्क और सिटी पार्क का निरीक्षण किया। भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी असुविधा से बचने के लिए 100 से अधिक कर्मियों की तैनाती की गई।
