रांची रेलवे स्टेशन पर Police Officer पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
रांची रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज के पास एक पुलिस जवान पर जानलेवा हमला करने के आरोप में पुलिस ने विपिन बिहारी टुडू नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह घटना 26 दिसंबर को हुई थी, जब पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास ओवरब्रिज के नीचे हंगामा हो रहा है।
सूचना पर सहायक अवर निरीक्षक योगेंद्र कुमार, आरक्षी अनिल चंद्रा साहा और चालक कमलेश सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि भीड़ ने एक व्यक्ति को घेर रखा था। जैसे ही आरक्षी अनिल चंद्रा साहा ने उस व्यक्ति को पकड़ने की कोशिश की, आरोपी ने डंडे से उन पर हमला कर दिया।
हमले में जवान अनिल साहा गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर से खून बहने लगा। अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें गुरुनानक अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया। पुलिस ने बाद में जांच के आधार पर आरोपी विपिन बिहारी टुडू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रेलवे स्टेशन परिसर में मजदूरी का काम करता है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घटना से पहले एक अन्य युवक के साथ भी मारपीट की थी। हाल के दिनों में रांची में पुलिसकर्मियों पर हमले की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बरियातू थाना क्षेत्र में भी पुलिस टीम पर हमला हुआ था, और रिम्स के पास ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर वाहन चढ़ाने का प्रयास किया गया था। इन घटनाओं से पुलिस महकमे में चिंता बढ़ गई है।
