0

पूर्णिया में पंचायत भवन निर्माण में बड़ा घोटाला, घटिया सामग्री के इस्तेमाल पर जांच रिपोर्ट भेजी गई

By Dec 26, 2025

बिहार के पूर्णिया जिले में पंचायत सरकार भवन निर्माण में बड़े पैमाने पर अनियमितता उजागर हुई है। पूर्णिया पूर्व प्रखंड के हरदा पंचायत में बन रहे पंचायत भवन के निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत पर प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी ने जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है।

जांच रिपोर्ट के अनुसार, निर्माण में इस्तेमाल की जा रही ईंट, बालू और सीमेंट का मिश्रण सही अनुपात में नहीं है। घटिया गुणवत्ता की सामग्री के प्रयोग के कारण अभी से ही दीवारों में दरारें पड़ गई हैं। इसके अलावा, निर्माण के दौरान डाले गए कॉलम और बीम की स्थिति भी काफी दयनीय पाई गई। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि निर्माण कार्य के दौरान किसी प्रकार का तकनीकी पर्यवेक्षण नहीं किया गया, जिसके कारण बीम और कॉलम टेढ़े-मेढ़े ढंग से डाले गए हैं, जो निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं हैं।

स्थानीय ग्रामीणों ने इस अनियमितता पर विरोध जताया है और विभाग के उच्च अधिकारियों से मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि संवेदक (ठेकेदार) उनकी शिकायतों को नजरअंदाज कर रहा है।

प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी धर्मेंद्र सहनी ने इस संबंध में पुष्टि की है कि पंचायत सरकार भवन निर्माण कार्य में अनियमितता पाई गई है। जांच के बाद विस्तृत रिपोर्ट जिला पंचायती राज पदाधिकारी को भेज दी गई है।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें