Ramayana के लक्ष्मण Ravi Dubey ने किया बड़ा खुलासा, बताया क्यों अपनाया बौद्ध धर्म
टीवी और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अपनी पहचान बना चुके अभिनेता रवि दुबे जल्द ही बड़े पर्दे पर दस्तक देने वाले हैं। वह नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म Ramayana में लक्ष्मण की भूमिका निभाएंगे, जिसमें रणबीर कपूर मुख्य भूमिका में हैं। रवि दुबे ने हाल ही में अपने जीवन के एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक बदलाव के बारे में खुलकर बात की।
रवि दुबे ने बताया कि मुंबई आने के बाद इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान उन्हें एक बड़ी असफलता का सामना करना पड़ा था। राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में टेलीकॉम इंजीनियरिंग की परीक्षा में फेल होने के बाद वह गहरे अवसाद में चले गए थे। अभिनेता ने स्वीकार किया कि उस दौरान उनके मन में आत्महत्या के विचार भी विचार आए थे।
इस मुश्किल दौर से बाहर निकलने के लिए रवि दुबे ने बौद्ध धर्म को अपनाया। उन्होंने कहा, “ध्यान और बौद्ध धर्म मेरे जीवन का अभिन्न अंग बन गए हैं। उन्होंने वास्तव में जीवन के प्रति मेरे दृष्टिकोण को बदल दिया है। जब मैं बहुत कठिन समय से गुजर रहा था, तब मैंने बौद्ध धर्म को अपनाना शुरू किया। मैंने उस समय मंत्रों का जाप करना शुरू कर दिया था।” रवि दुबे 13वीं सदी के जापानी भिक्षु निचिरेन की शिक्षाओं पर आधारित निचिरेन बौद्ध धर्म का अभ्यास करते हैं।
अभिनेता ने अपनी पत्नी सरगुन मेहता के साथ मिलकर ड्रीमियाटा एंटरटेनमेंट नामक प्रोडक्शन हाउस की स्थापना की है। उनके प्रोडक्शन हाउस ने पंजाबी फिल्में और टीवी शो जैसे ‘उड़ारियां’ का निर्माण किया है।
