14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास, List-A cricket में 36 गेंदों पर शतक जड़कर World Record तोड़ा
भारतीय क्रिकेट में एक नया सितारा उभरा है, जिसने अपनी प्रतिभा से पूरे देश का ध्यान खींचा है। बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने विजय हजारे ट्रॉफी में एक ऐतिहासिक पारी खेलकर 39 साल पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया है। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेलते हुए मात्र 36 गेंदों में शतक जड़कर लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का कीर्तिमान स्थापित किया है।
रांची के जेएससीए ओवल ग्राउंड में खेले गए इस मुकाबले में वैभव ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का अद्भुत प्रदर्शन किया। बिहार की ओर से उपकप्तान के रूप में उतरे वैभव ने 84 गेंदों में 190 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 16 चौके और 15 छक्के निकले। उन्होंने 12वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर अपना शतक पूरा किया।
इससे पहले यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के जहूर इलाहीद इलाही के नाम था, जिन्होंने 1986 में 15 साल 209 दिन की उम्र में लिस्ट-ए क्रिकेट में शतक जड़ा था। वैभव ने उनसे भी कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल कर इतिहास रच दिया।
वैभव का यह प्रदर्शन किसी एक मैच तक सीमित नहीं है। वे लगातार रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड तोड़ते आ रहे हैं। इससे पहले यूथ वनडे में यूएई के खिलाफ उन्होंने 14 छक्के लगाकर नया कीर्तिमान स्थापित किया था। अंडर-19 एशिया कप में उन्होंने 95 गेंदों पर 171 रन बनाए थे, जिसमें 14 छक्के और 9 चौके शामिल थे। इस पारी के साथ वे यूथ वनडे में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल का 2008 में बना 12 छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ा।
हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी वैभव ने इतिहास रचा था। 2 दिसंबर को ईडन गार्डन्स में महाराष्ट्र के खिलाफ उन्होंने 61 गेंदों में नाबाद 108 रन बनाए थे। इसके साथ ही वे इस टूर्नामेंट में शतक लगाने वाले सबसे कम उम्र के बल्लेबाज बने। खास बात यह है कि 14 साल की उम्र में वे अब तक तीन टी-20 शतक लगा चुके हैं।
