मुजफ्फरपुर जंक्शन पर निर्माण की सुस्त रफ्तार: यात्रियों की परेशानी बढ़ी, Muzaffarpur station upgrade delayed
मुजफ्फरपुर जंक्शन पर चल रहे विश्वस्तरीय निर्माण कार्य की धीमी गति यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। सात और आठ नंबर प्लेटफार्म पर एक वर्ष से अधिक समय से कार्य जारी है, लेकिन अब तक यह पूरी तरह तैयार नहीं हो सका है। इसी तरह, छह नंबर प्लेटफार्म के लिए तीन महीने का ब्लॉक लेकर काम शुरू किया गया था, लेकिन छह से सात महीने बीतने के बाद भी निर्माण अधूरा है। स्थिति यह है कि छह और आधा एक नंबर प्लेटफार्म पर न तो पूरा शेड है, न कोच इंडिकेशन बोर्ड और न ही अनाउंसिंग सिस्टम की समुचित व्यवस्था है।
अब रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) की ओर से एक नंबर प्लेटफार्म को तोड़ने के लिए फिर से ब्लॉक मांगा जा रहा है, जबकि इस प्लेटफार्म से प्रतिदिन 60 से 70 ट्रेनों का संचालन होता है। बिना शेड और कोच इंडिकेशन बोर्ड के इतनी बड़ी संख्या में ट्रेनों का परिचालन यात्रियों के लिए भारी परेशानी का सबब बन सकता है, खासकर बारिश के मौसम में। अधिकारियों के बीच इस बात को लेकर मंथन चल रहा है कि ब्लॉक के दौरान यात्रियों की सुविधा कैसे सुनिश्चित की जाए। तीन वर्षों से चल रहे निर्माण कार्य में अब तक केवल दो भवन ही पूरी तरह तैयार हो सके हैं, जबकि आगे की सभी इमारतों में कार्य अधूरा है।
समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने शनिवार को मुजफ्फरपुर जंक्शन का निरीक्षण किया। इस दौरान आरएलडीए के अधिकारियों ने एक नंबर प्लेटफार्म के निर्माण के लिए तीन महीने का ब्लॉक मांगा। डीआरएम ने स्पष्ट किया कि प्लेटफार्म तोड़े जाने की स्थिति में यात्रियों की आवाजाही, प्रवेश और निकास की पूरी योजना पहले तैयार की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि एक, दो, तीन, चार और पांच नंबर प्लेटफार्म पर यात्रियों के आने-जाने की व्यवस्था का पूरा डायग्राम बनाकर प्रस्तुत किया जाए, जिसके बाद ही ब्लॉक पर निर्णय लिया जाएगा। इस कार्य के लिए एरिया अफसर, इंजीनियरिंग, आरपीएफ और सिग्नल विभाग के अधिकारियों को शामिल कर संयुक्त रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
डीआरएम के निरीक्षण के बाद, एक नंबर प्लेटफार्म पर स्थित सभी लाइसेंसी स्थायी व चलंत ठेला वेंडर्स और दुकानों को छह नंबर प्लेटफार्म और उसके सामने वाले हिस्से में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किया जा रहा है। सोमवार से एक-एक कर सभी वेंडर्स को नोटिस दिया जाएगा, ताकि ब्लॉक लेने की प्रक्रिया शुरू की जा सके। एक नंबर प्लेटफार्म के आधे हिस्से को बंद करने से पहले, आधा एक और छह नंबर प्लेटफार्म पर एक सप्ताह के भीतर कोच इंडिकेशन बोर्ड (CIB) लगाने का आदेश दिया गया है, जिसके बाद ही ब्लॉक की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
