कड़ाके की ठंड से UPSRTC को घाटा, यूपी रोडवेज बसों में घटे यात्री
उत्तर प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की ठंड का असर अब जनजीवन के साथ-साथ परिवहन निगम की कमाई पर भी दिखने लगा है। हाथरस जिले में ठंड बढ़ने के कारण रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या में भारी कमी आई है, जिससे निगम को बड़ा घाटा हो रहा है। आम दिनों में जहां बसों का लोड फैक्टर 85 प्रतिशत तक रहता था, वहीं अब यह घटकर 65 प्रतिशत रह गया है।
ठंड के कारण लोग घरों से कम निकल रहे हैं, जिससे लंबी दूरी की यात्राएं प्रभावित हुई हैं। हाथरस डिपो से आगरा-अलीगढ़, नोएडा, हरिद्वार और मथुरा जैसे महत्वपूर्ण रूटों पर भी यात्रियों की संख्या कम हुई है। नोएडा रूट को निगम के लिए ‘ए श्रेणी’ का माना जाता है और यह सबसे ज्यादा राजस्व देता है, लेकिन इस रूट पर भी यात्रियों की संख्या में कमी आई है।
निगम अधिकारियों के अनुसार, पिछले 10 दिनों से बढ़ी ठंड ने स्थिति को बिगाड़ा है। रात के समय यात्रियों का आवागमन लगभग बंद हो गया है, जिससे रात 11 बजे के बाद बस स्टैंड सुनसान हो जाते हैं। हालांकि, यात्रियों की सुविधा को देखते हुए निगम घाटे के बावजूद बसों का संचालन जारी रखे हुए है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि मौसम सामान्य होने पर लोड फैक्टर फिर से बढ़ जाएगा।
