Indian Railways ने बढ़ाया किराया, 215 किमी से लंबी यात्रा पर असर; AC टिकट भी होंगे महंगे
भारतीय रेलवे ने लंबी दूरी के यात्रियों के लिए किराए में मामूली बढ़ोतरी की घोषणा की है। यह नई दरें 26 दिसंबर 2025 से लागू होंगी। रेलवे के अनुसार, उपनगरीय सेवाओं और मासिक सीजन टिकटों (MST) के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 215 किलोमीटर तक की यात्रा करने वाले साधारण श्रेणी के यात्रियों पर भी इस बढ़ोतरी का कोई असर नहीं पड़ेगा।
हालांकि, 215 किलोमीटर से अधिक की यात्रा करने वाले यात्रियों को अब अधिक भुगतान करना होगा। साधारण श्रेणी के यात्रियों के लिए 1 पैसा प्रति किलोमीटर की वृद्धि की गई है, जबकि मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के नॉन-एसी और एसी कोचों के किराए में 2 पैसा प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी होगी। उदाहरण के लिए, 500 किलोमीटर की यात्रा करने वाले नॉन-एसी यात्री को लगभग 10 रुपये अतिरिक्त देने होंगे।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि यह फैसला बढ़ते परिचालन खर्चों को पूरा करने के लिए लिया गया है। पिछले एक दशक में रेलवे नेटवर्क के विस्तार और सुरक्षा में सुधार पर ध्यान केंद्रित किया गया है, जिसके कारण लागत में वृद्धि हुई है। रेलवे का कुल परिचालन खर्च 2024-25 में बढ़कर 2.63 लाख करोड़ रुपये हो गया है, जिसमें कर्मचारियों के वेतन और पेंशन पर बड़ा हिस्सा खर्च होता है।
इस किराया वृद्धि से Indian Railways को सालाना लगभग 600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों ने कहा कि रेलवे माल ढुलाई पर भी ध्यान केंद्रित कर रहा है और परिचालन दक्षता में सुधार कर रहा है।
