IGI Airport पर कोहरे का कहर, 12 घंटे का सफर 72 घंटे में भी अधूरा, यात्री बेहाल
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI Airport) पर घने कोहरे के कारण हवाई यात्रा बुरी तरह प्रभावित हुई है। आलम यह है कि दुबई से बिहार के सिवान जा रहे तीन कामगारों का 12 घंटे का सफर 72 घंटे बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। ये यात्री पिछले तीन दिनों से एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं और उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
यात्रियों के अनुसार, उनकी स्पाइसजेट की फ्लाइट दुबई से दिल्ली होते हुए पटना के लिए थी। दुबई में ही उड़ान में 24 घंटे की देरी हुई। जब वे दिल्ली पहुंचे, तो पता चला कि पटना की फ्लाइट रद्द कर दी गई है। अब उन्हें अगली फ्लाइट के लिए इंतजार करना पड़ रहा है, लेकिन मौसम की अनिश्चितता के बीच यह समय भी महज संभावित ही लग रहा है।
IGI Airport के टर्मिनल-1 पर फंसे इन यात्रियों ने अपनी व्यथा बताते हुए कहा कि वे यहां पूरी तरह असहाय महसूस कर रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि दुबई में एयरलाइन ने कम से कम भोजन तो उपलब्ध कराया था, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर कोई व्यवस्था नहीं है। कड़ाके की सर्दी में न तो सही से आराम करने की जगह है और न ही खाने-पीने का कोई इंतजाम। एयरपोर्ट पर खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतें इतनी अधिक हैं कि एक आम आदमी के लिए उन्हें खरीदना मुश्किल है।
दुबई में मेहनत कर रुपये बचाने वाले इन कामगारों का कहना है कि वे बड़ी मुश्किल से पैसे जोड़कर अपने देश पहुंचे थे, लेकिन एयरलाइंस की लापरवाही और मौसम की मार के कारण उनके रुपये बिना किसी कारण बर्बाद हो रहे हैं। शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट पर उनके जैसे सैकड़ों यात्री इसी तरह की बेबसी के बीच समय काटने को मजबूर हैं।
