लखनऊ में धुंध ने बिगाड़ा खेल, भारत-दक्षिण अफ्रीका टी20 मैच रद्द; BCCI पर उठे सवाल
लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच चौथा टी20 मैच घने कोहरे और खराब विजिबिलिटी के कारण बिना टॉस के रद्द कर दिया गया। पूरे मैदान पर धुंध की मोटी परत छाई हुई थी, जिससे खेल असंभव हो गया। इस घटना ने एक बार फिर बीसीसीआई की टूर और फिक्स्चर कमेटी को सवालों के घेरे में ला दिया है। उत्तरी और पूर्वी भारत में सर्दियों के दौरान अंतरराष्ट्रीय मैच आयोजित करने के फैसले पर आलोचना हो रही है, जहां कोहरे के कारण बार-बार खेल बाधित होता है। लखनऊ में इस समय डे-नाइट मैच निर्धारित करने के निर्णय पर भी सवाल उठाए गए हैं।
मैदान पर घने कोहरे के कारण खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं थीं, खासकर फील्डरों के लिए हवा में गेंद को ट्रैक करना मुश्किल था। मैच अधिकारियों ने बार-बार टॉस में देरी की और स्थिति पर कड़ी नजर रखी। लखनऊ में बुधवार शाम को वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार था, जिसे खतरनाक माना जाता है।
अंपायरों ने तीन घंटे से अधिक समय तक छह बार निरीक्षण किया। बड़ी संख्या में आए फैंस को धैर्यपूर्वक इंतजार करने के बाद निराश होकर घर लौटना पड़ा। एक समय तो पिच का केंद्र भी स्टैंड से दिखाई नहीं दे रहा था। दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी, जो वार्म-अप के लिए बाहर आए थे, उन्हें वापस ड्रेसिंग रूम में लौटना पड़ा। भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को भी घने कोहरे के बीच फेस मास्क पहने देखा गया।
यह पहली बार नहीं है जब कोहरे के कारण कोई अंतरराष्ट्रीय मैच रद्द हुआ हो। दिसंबर 1998 में, फैसलाबाद में घने कोहरे ने एक टेस्ट मैच को बुरी तरह प्रभावित किया था, जहां खिलाड़ियों को मैदान पर उतरने में भी संघर्ष करना पड़ा था। उस मैच को भी अंततः रद्द कर दिया गया था।
