कर वसूली और IGRS में सुस्ती पर मंडलायुक्त नाराज, अधिकारियों को लगाई फटकार
मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने चारों जिलों में कर वसूली और आईजीआरसी वसूली की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को समीक्षा बैठक में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कर वसूली की समीक्षा करते हुए वाणिज्य कर, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, परिवहन, विद्युत, आबकारी, खनिज एवं विधिक माप विज्ञान मद में अपेक्षित प्रगति न होने पर असंतोष व्यक्त किया। आगरा में आरसी वसूली कम होने पर विशेष नाराजगी जताते हुए मथुरा सहित अन्य जनपदों को भी वसूली बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिलों में प्रवर्तन की कार्यवाही तेज करने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा।
आईजीआरएस की समीक्षा के दौरान मंडल की रैंक में गिरावट पर मंडलायुक्त ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने निर्देश दिए कि हर शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं से अनिवार्य रूप से सम्पर्क कर संतोषजनक फीडबैक प्राप्त किया जाए। असंतोषजनक फीडबैक देने वाले अधिकारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए उनका सुधार कराए जाने के निर्देश दिए गए।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि कर वसूली और जनशिकायत निस्तारण शासन की प्राथमिकताओं में शामिल हैं और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए मंडल की रैंकिंग और राजस्व प्रगति में शीघ्र सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
