300 करोड़ की साइबर ठगी का पर्दाफाश: 34 गिरफ्तार, दुबई से चल रहा था आगरा के सरगना का गिरोह
साइबर अपराध के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई में, पुलिस ने तीन अलग-अलग गिरोहों का पर्दाफाश किया है और 34 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। ये ठग देशभर में लोगों को झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, इन गिरोहों ने मिलकर अब तक 300 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है, जिसके संबंध में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर 600 से अधिक शिकायतें दर्ज हैं।
जांच में पता चला कि गिरोह का मुख्य सरगना नितिन है, जो मूल रूप से आगरा का निवासी है लेकिन वर्तमान में दुबई में रहकर पूरे नेटवर्क को संचालित कर रहा था। नितिन ने दुबई की नागरिकता भी हासिल कर ली है और वहां से बोगस कंपनियां बनाकर ठगी को अंजाम दे रहा था। गिरफ्तार किए गए अन्य सदस्यों में पवन कुमार भी शामिल है, जो जनसेवा केंद्र चलाकर फर्जी आधार कार्ड बनाता था। इन फर्जी आधार कार्डों का उपयोग करके म्यूल खाते खोले जाते थे, जिनका इस्तेमाल ठगी के पैसों को निकालने के लिए किया जाता था। ये ठग डिजिटल अरेस्ट और वाट्सएप/टेलीग्राम पर निवेश के लिंक भेजकर लोगों को अपना शिकार बनाते थे।
