मनरेगा खातों में 20 लाख की सेंधमारी, मथुरा से पकड़े गए ठग; जानिए कैसे होता था यह ‘खेल’
उत्तर प्रदेश के मनरेगा बैंक खातों में साइबर सेंधमारी का मामला सामने आया है, जिसके तार मथुरा से जुड़े बताए जा रहे हैं। साइबर ठगों ने खातों से अवैध रूप से 20 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन किया। पुलिस ने साइबर सेल और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई के दौरान गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपित कमीशन के लालच में अपने रिश्तेदारों व परिचितों के बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे।
घटना का खुलासा तब हुआ जब किरावली के गढ़ी दौलत निवासी विहारी लाल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके मामा-ससुर के पुत्र दामोदर ने उन्हें फोन कर विश्वास में लिया। दामोदर ने कहा कि मनरेगा योजना का कुछ पैसा आना है, जिसके लिए एक बैंक खाते की आवश्यकता है। रिश्तेदार होने के नाते विहारी लाल ने अपना खाता नंबर दे दिया। इसके बाद ठगों ने उस खाते में चार से पांच लाख रुपये ट्रांसफर किए और बहाने से चेकबुक व पासबुक लेकर सारी रकम निकाल ली। संदिग्ध लेन-देन के कारण जब बैंक ने विहारी लाल का खाता फ्रीज कर दिया, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ।
पुलिस टीम ने रुनकता-रायभा तिराहा पर घेराबंदी कर दो आरोपितों को पकड़ा। आरोपितों में मथुरा के आनंद धाम कालोनी निवासी देवेश राना और फरह के गांव झुड़ावई निवासी दामोदर सिंह शामिल हैं। पूछताछ में मुख्य आरोपित देवेश ने बताया कि गिरोह के सरगना मथुरा निवासी अंकित और जीतू उर्फ जितेंद्र ने उसे 18-20 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन के लिए खातों का इंतजाम करने को कहा था। इसके लिए देवेश ने दामोदर को मोहरा बनाया। दामोदर ने अपने रिश्तेदारों से झूठ बोलकर खाते हासिल किए। उन खातों में साइबर फ्रॉड का पैसा आता था, जिसे निकालकर नकद राशि मथुरा के कृष्णा नगर स्थित सीडीएस मशीन के माध्यम से सरगना के खातों में जमा करा दी जाती थी। इस काम के बदले देवेश और दामोदर को मोटा कमीशन मिलता था।
आरोपित देवेश ने बताया कि एक रिश्तेदार का खाता फ्रीज होने के बाद वह दबाव बना रहा था और पुलिस से शिकायत की धमकी दे रहा था। रविवार को देवेश और दामोदर उसी रिश्तेदार की पासबुक और चेकबुक वापस करने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से पुलिस ने 17,650 रुपये नकद, कार, मोबाइल, पासबुक और चेकबुक बरामद की हैं। दोनों का पूर्व में भी किरावली और थाना चिकसाना, भरतपुर (राजस्थान) में आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस फरार आरोपित अंकित और जीतू की तलाश में दबिश दे रही है।
चांदी लूटने वाले 25 हजार के तीन इनामी बदमाश मुठभेड़ में घायल, पुलिस ने दबोचा
धर्मेंद्र की याद में भावुक हुईं हेमा मालिनी, मथुरा में प्रार्थना सभा के दौरान छलके आंसू; बेटियों की गैरमौजूदगी पर कही ये बात
धर्मेंद्र के निधन के बाद भावुक हुईं हेमा मालिनी, मथुरा की प्रार्थना सभा में नहीं पहुंचीं ईशा और अहाना देओल
मथुरा में धारा 163 लागू, डीएम ने जारी किए सख्त आदेश; जानिए क्या हैं पाबंदियां
किशोरी को भगाकर ले गया था युवक, मथुरा में ट्रक ने मारी टक्कर; दर्दनाक हादसे में मौत
