पंजाब में मौसम का अजीब खेल: दिन में ठंड, रात में गर्मी क्यों? 13 जिलों में धुंध का रेड अलर्ट
पंजाब में बीते 24 घंटों में बादल छाए रहने के कारण दिन के तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। दिन का तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री तक नीचे गिर गया है। अनुमान है कि आज रविवार भी कई जिलों में बादल छाए रहेंगे, जिसके चलते दिन ठिठुरन भरा रहने वाला है।
मौसम में आ रहे बदलाव का असर वायु गुणवत्ता पर भी पड़ रहा है। अमृतसर में वायु गुणवत्ता रेड अलर्ट तक पहुंच गई है। जबकि अन्य जिलों में भी एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) बढ़ा हुआ पाया गया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज राज्य में धुंध को लेकर भी अलर्ट जारी है। राज्य के 13 जिलों में ये अलर्ट जारी किया गया है, जो अगले 48 घंटे तक रहने वाला है। इस दौरान पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, होशियारपुर, जालंधर, नवांशहर, लुधियाना, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में धुंध हो सकती है।
राज्य में अलर्ट के बावजूद रात का तापमान बढ़ रहा है, लेकिन दिन के तापमान में गिरावट जारी है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार दिन का तापमान 1.8 डिग्री तक गिरा, जबकि रातों कर स्थिति इससे उलट है। विशेषज्ञों के अनुसार ये स्थिति राज्य के ऊपर छाए बादलों के कारण है। इसे हीटलॉक कहते हैं।
हीटलॉक की स्थिति में बादल कवर का कार्य करते हैं। रात के समय गर्म हवाएं ऊपर नहीं उठा पाती और तापमान में अधिक बदलाव नहीं होता। इसके उलट दिन के समय धूप नहीं खिलती और लोगों को ठिठुरन महसूस होती है।
