मोगा: धुंध बनी काल! पुल से नीचे गिरी कार, चुनाव ड्यूटी पर जा रहे शिक्षक दंपती की दर्दनाक मौत
पंजाब के मोगा जिले में रविवार सुबह घने कोहरे के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया। बाघापुराना के तहत संगतपुरा गांव के पास एक कार पुल से नीचे रजबाहे में गिर गई, जिससे कार में सवार अध्यापक दंपती की मौत हो गई। यह हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ, जब विजिबिलिटी बहुत कम थी।
जानकारी के अनुसार, सरकारी अध्यापक कमलजीत कौर की चुनावी ड्यूटी गांव माड़ी मुस्तफा में लगी थी। उनके पति जसकरण सिंह उन्हें ड्यूटी पर छोड़ने के लिए कार से जा रहे थे। संगतपुरा गांव के पास रजबाहे के पुल पर घना कोहरा होने के कारण ड्राइवर को रास्ता ठीक से दिखाई नहीं दिया और कार अनियंत्रित होकर रजबाहे में जा गिरी।
हादसे के दौरान गांव के कुछ लोगों ने उन्हें पानी से बचाने की कोशिश की। इसके बाद लोगों ने दोनों को बाघापुराना के सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जसकरण सिंह और कमलजीत कौर को मृत घोषित कर दिया। जसकरण सिंह गांव खोटे में अंग्रेजी के अध्यापक थे, जबकि कमलजीत कौर गांव पत्तोहीरा सिंह में अध्यापक तैनात थीं। इस दर्दनाक हादसे को लेकर पूरे अध्यापक यूनियन ने दुख का इजहार किया है।
