ट्रांस यमुना बी ब्लाक में एक हफ्ते से लीक हो रही पाइपलाइन, घरों की नींव में जा रहा पानी
यमुनापार के ट्रांस यमुना बी ब्लाक की एक गली में लोग परेशान हैं। यहां पिछले करीब एक सप्ताह से पानी की पाइप लाइन लीक कर रही है। जिससे गली में पानी भर रहा है और लोगों के घरों की नींव में पानी जाने लगा है। जलकल विभाग के अधिकारियों को कई दिन पहले सूचित किया गया था लेकिन जलकल विभाग के अधिकारी शनिवार को वहां स्थिति देखने पहुंचे। ट्रांस यमुना बी ब्लाक की गली में पानी की पाइप लाइन लीक होने लगी थी। धीरे-धीरे लीकेज बढ़ती गई और प्रतिदिन हजारों लीटर पानी बर्बाद होने लगा। इससे आसपास की जलापूर्ति भी बाधित होने लगी थी।
वहीं इससे गली में पानी भरने लगा। जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कत होने लगी। इसके साथ ही आसपास के मकानों की नींव में पानी जाने लगा। क्षेत्रीय पार्षद प्रकाश केशवानी ने जलकल विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी थी लेकिन कोई देखने तक नहीं पहुंचा। पार्षद ने बताया कि शनिवार को जलकल विभाग के सहायक अभियंता मौके पर पहुंचे थे। उनके मुताबिक जलकल विभाग ने यहां नई लाइन डाली है लेकिन किसी पुरानी डेड लाइन से पानी आ रहा है। जिसकी वजह से यह लीकेज हुई है। इसका जल्द सुधार किया जाएगा। उधर जलकल विभाग के महाप्रबंधक एके राजपूत ने बताया कि समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा।
