गाजियाबाद में सीएम योगी की एसआईआर बैठक, इन मुद्दों पर होगी समीक्षा, जानिए पूरा शेड्यूल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज गाजियाबाद में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) की समीक्षा बैठक करेंगे। यह बैठक नेहरू नगर के सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में मेरठ मंडल के क्षेत्रीय पदाधिकारी, सांसद, विधायक और विधान परिषद सदस्य उपस्थित रहेंगे। जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री के आगमन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूर्व में भी अन्य जिलों में एसआईआर की समीक्षा बैठक कर चुके हैं। उन्होंने इन बैठकों में जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों को बूथ स्तर पर पहुंचकर शत-प्रतिशत मतदाताओं के गणना प्रपत्र भरवाने का कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था। उन्होंने कहा था कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद है। अपात्र या मृतक व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में न बने रहें, ऐसे नामों को तत्काल हटाया जाए।
सीएम योगी ने कहा था कि विवाह समारोहों और सामाजिक आयोजनों के इस व्यस्त मौसम में पार्टी पदाधिकारियों को अपनी प्राथमिकताएं तय करनी होंगी। यह केवल प्रशासनिक कार्य नहीं है, बल्कि संगठन की जिम्मेदारी है, जिसे प्रत्येक बूथ पर परिणामों के साथ सिद्ध करना होगा। माना जा रहा है कि गाजियाबाद में एसआईआर की स्थिति ज्यादा बेहतर नहीं है, खासकर साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में यह प्रक्रिया पिछड़ रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोपहर एक बजे बैठक लेंगे, जो दो बजे तक चल सकती है।
