पटना एयरपोर्ट पर इंडिगो का ‘संकट’, 36 उड़ानें रद्द, यात्रियों का बुरा हाल
जय प्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (Patna Airport) पर इंडिगो की उड़ान सेवाएं रविवार को भी बुरी तरह प्रभावित रहीं। ऑपरेशनल कारणों से तीन दिसंबर से ही यह परेशानी हो रही है। रविवार को दिनभर में आने और जाने वाली कुल 18 जोड़ी यानी 36 उड़ानें रद कर दी गईं। इनमें इंडिगो की 16 जोड़ी व स्पाइसजेट की दो जोड़ी फ्लाइट शामिल हैं।
अचानक उड़ानें रद होने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री घंटों तक एयरपोर्ट पर जानकारी के इंतजार में बैठे रहे, जबकि कुछ को अपनी यात्रा योजना रद करनी पड़ी। कई यात्रियों की कनेक्टिंग फ्लाइट, मीटिंग्स और कार्यक्रम भी इस विलंब के कारण प्रभावित हुए, जिससे नाराजगी का माहौल देखा गया। लगातार बदलते डिस्प्ले बोर्ड, अनिश्चित घोषणाएं और लंबे इंतजार ने यात्रियों को थका दिया।
इस बीच राहत की बात ये रही कि एयरपोर्ट से इंडिगो, एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस व स्पाइसजेट की 25 जोड़ी उड़ानें आईं व गईं। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए एयरपोर्ट प्रशासन ने दो हेल्पलाइन नंबर भी जारी कर रखा है। 0612-220797 व 9471000714 पर यात्री 24 घंटे अपनी परेशानी साझा कर सकते हैं या सहायता के लिए फोन कर सकते हैं।
