खेलते-खेलते मासूम पर हमला: आवारा कुत्ते ने 3 साल के बच्चे को नोच डाला, अस्पताल में भर्ती
बहराइच में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा घटना रुपईडीहा नगर पंचायत की है, जहां घर के बाहर खेल रहे तीन वर्षीय वैभव सोनी पर एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। यह घटना शुक्रवार शाम करीब पांच बजे हुई, जब बच्चा अपने घर के सामने खेल रहा था।
कुत्ते ने अचानक बच्चे पर हमला कर दिया और उसे बुरी तरह नोचना शुरू कर दिया। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर परिवार के लोग दौड़े, लेकिन तब तक कुत्ते ने बालक को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। आनन-फानन में परिवारजन बच्चे को लेकर स्थानीय सीएचसी चरदा पहुंचे।
वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल बहराइच रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की निगरानी में बच्चे का इलाज शुरू किया गया है।
जख्मी बच्चे के पिता बबलू सोनी ने बताया कि क्षेत्र में कुत्तों के काटने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनका बंध्याकरण कराने की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
जिला प्रशासन के अनुसार, आवारा कुत्तों के आतंक को देखते हुए बंध्याकरण की कार्रवाई जारी है और अब तक दो हजार से अधिक कुत्तों का बंध्याकरण किया जा चुका है। लोगों को जागरूक करने के लिए एडवाइजरी भी जारी की गई है। नगर पंचायत अधिकारी रामबदन ने कहा कि हमलों को रोकने के लिए योजना बनाई जा रही है और जल्द ही अभियान चलाकर कुत्तों का बंध्याकरण कराया जाएगा।
