LNMU की मनमानी: छात्राओं के लिए 40 KM दूर परीक्षा केंद्र, लड़कों का सेंटर पास में ही
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) एक बार फिर अपनी प्रशासनिक लापरवाही के कारण सवालों के घेरे में है। बेगूसराय के इकलौते महिला कॉलेज की छात्राओं को स्नातक चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा के लिए शहर से 40 किलोमीटर दूर मंझौल भेज दिया गया है। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब सरकार लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन की यह कार्रवाई सरकारी मंशा के विपरीत है।
छात्राओं और उनके अभिभावकों में इस फैसले को लेकर भारी नाराजगी है। एस कमाल के कुरहा गांव की अनुराधा कुमारी ने बताया कि उनके पति सरकारी कर्मी हैं और परीक्षा के लिए बार-बार छुट्टी लेना उनके लिए संभव नहीं होगा। परीक्षा की शिफ्ट बदलने के कारण भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। छात्राओं को इतनी लंबी दूरी तय करने में सुरक्षा और समय की बर्बादी का सामना करना पड़ेगा।
यह समस्या नई नहीं है। पिछले कई वर्षों से महिला कॉलेज की छात्राओं के साथ ऐसा ही व्यवहार किया जा रहा है। जबकि जीडी कॉलेज, एसबीएसएस कॉलेज और एमआरजेडीआरजेडी कॉलेज जैसे लड़कों के कॉलेज के परीक्षा केंद्र शहर में ही बनाए गए हैं। इस वर्ष मार्च में शिकायत के बाद कुलपति ने शहर में ही सेंटर देने का आश्वासन दिया था, लेकिन विश्वविद्यालय ने अपना वादा नहीं निभाया।
