बिहार में क्यों बदल जाएगा शुगर फैक्ट्री का नाम? गन्ना किसानों ने बताई बड़ी वजह
मुजफ्फरपुर में बिहार राज्य गन्ना किसान मोर्चा की बैठक में गन्ना किसानों ने एक महत्वपूर्ण मांग उठाई है। किसानों का कहना है कि अब चीनी मिलों को ‘शुगर फैक्ट्री’ कहना सही नहीं है। उन्होंने इसका नाम बदलकर ‘शुगर काम्प्लेक्स’ करने की मांग की है। किसानों का तर्क है कि आधुनिक चीनी मिलें अब सिर्फ चीनी का उत्पादन नहीं करती हैं। इन मिलों में चीनी के अलावा एथेनॉल, बिजली, खाद, गत्ता और कागज जैसे कई अन्य उत्पाद भी बनाए जाते हैं।
बैठक में किसानों ने बिहार सरकार के उस प्रस्ताव का स्वागत किया, जिसमें नौ बंद चीनी मिलों को चालू करने और 25 नई मिलों की स्थापना की बात कही गई है। किसानों ने अपनी समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की और सरकार से समाधान की मांग की। मोर्चा ने निर्णय लिया है कि 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल जल्द ही मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेगा, ताकि चीनी मिलों को चालू करने संबंधी सुझाव सरकार को सौंपे जा सकें।
