मुजफ्फरपुर: NH-22 पर भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार वाहन ने शख्स को कुचला, मौके पर मौत
मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। चंद्रहट्टी गांव के पास मुजफ्फरपुर-पटना मुख्य मार्ग (NH-22) पर तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से 57 वर्षीय उदय कुमार की मौत हो गई। यह घटना भूपनारायण सिंह सिया निरंजन महाविद्यालय के निकट हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उदय कुमार अपने घर के पास सड़क पार कर रहे थे। तभी अचानक एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि उदय कुमार हवा में उछलकर करीब 20 मीटर दूर दूसरी लेन में जा गिरे। वे जिस कार पर गिरे, उसका शीशा भी टूट गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर के तुरंत बाद ही उनकी मौत हो गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने उदय कुमार को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
सूचना मिलने पर कुढ़नी थानाध्यक्ष पुनीत कुमार मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत कराया। उन्होंने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
