जींद अस्पताल में चूहों ने कुतरा शव, मानवाधिकार आयोग ने लिया कड़ा एक्शन, हरियाणा सरकार को नोटिस
जींद के नागरिक अस्पताल में नागरिक अस्पताल के शवगृह में चूहों की ओर से शव कुतरने के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने स्वत: संज्ञान लिया है। आयोग ने मामले को गंभीर मानते हुए हरियाणा के मुख्य सचिव को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के अंदर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा है।
यह घटना जिला हिसार के गांव कोथ कलां निवासी 50 वर्षीय मियां सिंह के शव के साथ हुई। हृदयघात से उनकी मौत के बाद 10 नवंबर को शव को शवगृह के फ्रीजर में रखवाया गया था। 11 नवंबर को जब स्वजन शव लेने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि शव के मुंह, कान, नाक, आंख, हाथ और पैर को चूहों ने बुरी तरह कुतर दिया था। इस हृदय विदारक दृश्य को देखकर स्वजन ने पहले पोस्टमार्टम करवाने से भी इन्कार कर दिया था। डॉक्टरों के माफी मांगने पर वे राजी हुए।
आयोग ने मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि अस्पताल के अधिकारियों ने शवगृह के फ्रीजर की मरम्मत के लिए संबंधित कंपनी से शिकायत की थी, लेकिन उसने कार्रवाई नहीं की। हालांकि, चूहों के प्रवेश रोकने को शवगृह के फ्रीजर में एक जाली लगाई गई है। आयोग ने इसे मानवाधिकारों के उल्लंघन का एक गंभीर मामला माना है।
नागरिक अस्पताल के चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि चूहों को पकड़ने और पेस्ट कंट्रोल के लिए अनुबंध करने को लेकर सिविल सर्जन को पत्र लिखा गया है। स्टाफ को भी चेतावनी दी गई है कि चूहों के मामले में कोताही नहीं बरती जाए।
