योगी सरकार का बड़ा फैसला: यूपी के इन 255 कर्मचारियों को मिलेगी पुरानी पेंशन, जानें क्या है पात्रता
लखनऊ से मिली खबर के अनुसार, उत्तर प्रदेश सरकार ने नगर निकायों में केंद्रीयकृत सेवा संवर्ग के 255 कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) का लाभ देने का निर्णय लिया है। यह फैसला उन कर्मचारियों के लिए है जिनका चयन 28 मार्च 2005 से पहले जारी विज्ञापन के आधार पर हुआ था और नियुक्ति 1 अप्रैल 2005 के बाद हुई।
विशेष सचिव नगर विकास कल्याण बनर्जी ने बताया कि पुरानी पेंशन के दायरे में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) और उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) से चयनित वो सभी कर्मचारी आएंगे, जिनकी सेवा में कभी कोई रुकावट न हुई हो। यह निर्णय उन कर्मचारियों को बड़ी राहत देगा जो लंबे समय से पुरानी पेंशन की बहाली की मांग कर रहे थे।
नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने कहा कि यह फैसला सरकार की कर्मचारी हितैषी सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार कर्मचारियों के हित और उनकी सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। यह निर्णय कर्मचारियों के परिवारों को जीवनभर की आर्थिक सुरक्षा प्रदान करेगा।
