पाग और पीली साड़ी में मैथिली ठाकुर ने ली शपथ, मिथिला की पहचान बनीं सबसे युवा विधायक
दरभंगा जिले की अलीनगर विधानसभा सीट से पहली बार भाजपा के टिकट पर चुनी गईं लोकगायिका मैथिली ठाकुर ने सोमवार को विधायक पद की शपथ ली। 18वीं विधानसभा में सबसे कम उम्र की विधायक मैथिली ने शपथ ग्रहण के दौरान पारंपरिक परिधान में नजर आईं। सिर पर पाग और पीली साड़ी में सदन पहुंची मैथिली विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। उन्होंने मैथिली भाषा में शपथ लेकर अपनी सांस्कृतिक पहचान को महत्व दिया।
शपथ के बाद उन्होंने कहा कि वे अपने क्षेत्र के विकास और युवाओं की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मैथिली ठाकुर के शपथ ग्रहण के दौरान पाग धारण करने से मिथिलांचल की सांस्कृतिक पहचान एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। पाग, जो मिथिला क्षेत्र में सम्मान और प्रतिष्ठा का प्रतीक माना जाता है, उनके पारंपरिक परिधान का प्रमुख हिस्सा रहा।
हालांकि, चुनाव के दौरान मैथिली ठाकुर की पाग में मखाना खाने का एक वीडियो वायरल होने से विवाद उत्पन्न हो गया था। इंटरनेट मीडिया में मैथिली ट्रोल हुईं थीं। समाज के एक वर्ग ने आपत्ति जताई थी, जिसके बाद पाग एवं मिथिला की सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ा असंतोष सामने आया था। इन पुराने विवादों ने मैथिली ठाकुर के शपथ ग्रहण के दौरान उनकी पारंपरिक पहचान को और अधिक महत्व दे दिया। सामाजिक-सांस्कृतिक संगठनों का कहना है कि पाग कोई साधारण परिधान नहीं, बल्कि मिथिला की अस्मिता, सम्मान और गौरव का प्रतीक है।
