29 साल देश की सेवा करने वाले हवलदार सुनील कुमार का निधन, हरिद्वार में दी गई अंतिम विदाई
देहरादून के सेलाकुई निवासी हवलदार सुनील कुमार का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्होंने भारतीय सेना की 57 इंजीनियर रेजिमेंट में 1994 में भर्ती होकर देश सेवा शुरू की थी। 2012 में सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका देश प्रेम कम नहीं हुआ और वह 2013 में डीएससी (डिफेंस सिक्योरिटी कार्प्स) में शामिल होकर पिछले 12 वर्षों से पुनः सेवा कर रहे थे।
मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के निवासी हवलदार सुनील कुमार को 2023 में ब्लड कैंसर का पता चला था। उनका उपचार बेस हास्पिटल दिल्ली में चल रहा था, जहां 28 नवंबर को उन्होंने अंतिम सांस ली। 29 नवंबर की रात उनका पार्थिव शरीर उनके रामपुर सैनिक कालोनी स्थित आवास पर लाया गया।
रविवार को हरिद्वार में सैनिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, पूर्व सैनिक निरंजन सिंह चौहान, खड़क सिंह सावंत सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसी मौके पर विकासनगर के भाऊवाला में महावीर चक्र से सम्मानित बलिदानी अनुसूया प्रसाद की पुण्यतिथि भी मनाई गई। विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने बलिदानी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा के लिए हमारे वीर जवानों का त्याग, बलिदान और अदम्य साहस सदैव स्मरणीय है।
