मुख्यमंत्री धामी ने किया ‘उत्तराखंड @25’ पुस्तक का विमोचन, बताया राज्य के विकास का रोडमैप
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में ‘उत्तराखंड @25: लुकिंग बैक-लुकिंग फारवर्ड’ पुस्तक का विमोचन किया। दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र तथा भारतीय लोक प्रशासन संस्थान द्वारा प्रकाशित यह पुस्तक उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्षों की विकास यात्रा, उपलब्धियों और अनुभवों का संकलन है। इसमें आने वाले 25 वर्षों में राज्य के विकास की अपार संभावनाओं पर भी विस्तारपूर्वक लेख लिखे गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुस्तक राज्य की अब तक की प्रगति का उत्कृष्ट विश्लेषण प्रस्तुत करती है और आने वाले समय में राज्य के समग्र विकास को एक नई दिशा प्रदान करेगी। पुस्तक में शासन-प्रशासन, आर्थिक विकास, पर्यावरण संतुलन, ग्रामीण पलायन, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य एवं शिक्षा, महिला सशक्तीकरण, कृषि, संस्कृति और पत्रकारिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने गहन विचार प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पुस्तक नीति-निर्माण और शोधकर्ताओं के लिए अत्यंत लाभदायक सिद्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य की 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा में हासिल की गई उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नीति आयोग के सतत् विकास लक्ष्यों में राज्य को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में अचीवर्स और स्टार्टअप रैंकिंग में लीडर्स की श्रेणी प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि देश में सर्वप्रथम समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का गौरव भी उत्तराखंड को ही प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री धामी ने पुस्तक के प्रकाशन के लिए दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र तथा भारतीय लोक प्रशासन संस्थान के पदाधिकारियों, लेखकों और संपादक मंडल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक उत्तराखंड के सतत, समावेशी और समग्र विकास की दिशा में योगदान देने के लिए लोगों को प्रेरित करेगी।
