9 साल से NDPS मामले में फरार, वाहन चोरी के आरोप में चढ़ा पुलिस के हत्थे
राजस्थान के कोटा में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) मामले में नौ साल से फरार चल रहे आरोपी मिंटू उर्फ मुस्तफा को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने वाहन चोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी मिंटू के खिलाफ दिल्ली में पहले से 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, मिंटू को कोटा की एक अदालत ने NDPS मामले में भगोड़ा घोषित कर दिया था। वह 15 सितंबर को लक्ष्मी नगर में वाहन चोरी के एक मामले में वांछित था, जिसके बाद क्राइम ब्रांच ने उसे दबोच लिया।
डीसीपी हर्ष इंदौरा ने बताया कि मिंटू वेस्ट सागरपुर का रहने वाला है। 15 फरवरी 2017 को जीआरपी कोटा ने कोटा रेलवे स्टेशन पर आकाश नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उसके बैग से 300 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। पूछताछ में आकाश ने बताया था कि उसने यह हेरोइन मिंटू से खरीदी थी। इसके बाद मिंटू के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। कुछ समय बाद कोटा की अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था और वह तब से गिरफ्तारी से बच रहा था।
आकाश के खिलाफ चार्जशीट दायर की गई थी और उसे इस मामले में दोषी ठहराया गया था। कोटा की स्पेशल जज माधवी सिंह दिनकर की अदालत ने उसे 15 साल की कैद और 1.50 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। इस मामले में मिंटू की संलिप्तता पाए जाने के बाद उसे पकड़ने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी, जो अब सफल हुए हैं।
