रायबरेली स्टेशन पर पैसों के लेन-देन को लेकर मारपीट, तीन गिरफ्तार
रायबरेली रेलवे स्टेशन पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब प्लेटफार्म नंबर एक पर पैसों के लेन-देन को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग लात-घूंसों और बेल्टों से एक-दूसरे पर वार करने लगे। इस अप्रत्याशित घटना से प्लेटफार्म पर मौजूद यात्रियों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही तत्काल जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मारपीट में शामिल तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार किए गए युवकों में एक पक्ष से मालिनकापुरवा निवासी आशाराम और कासाे निवासी कमलेश शामिल थे, जबकि दूसरे पक्ष से अमेठी जिले के फुर्सतगंज थाना अंतर्गत ब्रहमनी गांव निवासी अंकित था।
जीआरपी थानाध्यक्ष सचिन कुमार ने बताया कि यह पूरा मामला आपसी लेन-देन के विवाद का था, जो मारपीट में बदल गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनका चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया है। जीआरपी ने दोनों पक्षों के खिलाफ विधिवत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां यात्रियों को सुरक्षित महसूस करना चाहिए।
