यूपी सरकार की Abhyudaya Coaching से 6 अभ्यर्थियों का UPSC Result में चयन, प्रदेश का बढ़ा गौरव
उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग योजना ने सिविल सेवा परीक्षा (UPSC) 2025 में प्रभावशाली परिणाम देकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित इस योजना के तहत निशुल्क प्रशिक्षण और मार्गदर्शन प्राप्त करने वाले 6 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इनमें से 2 अभ्यर्थियों ने गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन की आवासीय कोचिंग से प्रशिक्षण लिया था, जबकि 4 अन्य अभ्यर्थियों ने अभ्युदय योजना के अंतर्गत मॉक इंटरव्यू में भाग लिया था।
समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री असीम अरुण ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रयास है कि हर मेधावी युवा को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और संसाधन मिलें।
चयनित अभ्यर्थियों का विवरण
समाज कल्याण विभाग के उपनिदेशक श्री आनंद कुमार सिंह ने बताया कि भागीदारी कोचिंग की आवासीय सुविधा से विमल कुमार ने 107वीं और विपिन देव यादव ने 316वीं रैंक हासिल की है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत मॉक इंटरव्यू में शामिल होने वाले मानसी (444वीं रैंक), महेश जायसवाल (590वीं रैंक), अदिति सिंह (859वीं रैंक) और तनीषा सिंह (930वीं रैंक) का रैंक) का भी चयन हुआ है।
समाज कल्याण मंत्रालय आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए भागीदारी भवन में आवासीय कोचिंग चलाता है। यहां सिविल सेवा मुख्य परीक्षा के साथ ही इंटरव्यू के लिए विशेष सत्र आयोजित किए जाते हैं। इन सत्रों में विषय विशेषज्ञों और वरिष्ठ आईएएस व पीसीएस अधिकारियों द्वारा अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन दिया जाता है। अभ्यर्थियों को निशुल्क आवासीय सुविधा, भोजन, पुस्तकालय और ऑनलाइन-ऑफलाइन क्लासेज की सुविधा भी मिलती है।
शामली की आस्था जैन ने हासिल की 9वीं रैंक
इसी बीच, शामली जिले की आस्था जैन ने UPSC में ऑल इंडिया 9वीं रैंक प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। आस्था ने अपनी लगन और मेहनत से आईएएस बनने का सपना पूरा किया है। आस्था के पिता अजय जैन कांधला कस्बे में एक छोटी सी दुकान चलाते हैं। आस्था ने इससे पहले भी दो बार UPSC परीक्षा पास की थी, जिसमें उसे 131वीं और 186वीं रैंक मिली थी। वह वर्तमान में हैदराबाद में आईपीएस की ट्रेनिंग ले रही थीं, लेकिन उनका लक्ष्य आईएएस बनना था।
आस्था ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नगर में पूरी करने के बाद शामली के स्कॉटिश इंटरनेशनल स्कूल से 12वीं की परीक्षा पास की थी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई के साथ-साथ UPSC की तैयारी शुरू कर दी थी। आस्था ने सेल्फ स्टडी और ऑनलाइन क्लासेज के माध्यम से अपनी तैयारी को मजबूत किया। तीसरी बार के प्रयास में उन्होंने 9वीं रैंक हासिल कर अपने माता-पिता और पूरे नगर का नाम रोशन किया है।
