मुजफ्फरपुर में 5000 रोजगार के अवसर, बेला टेक्सटाइल क्लस्टर का विस्तार (Bihar Industrial Development)
बिहार के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए मुजफ्फरपुर के बेला औद्योगिक क्षेत्र में टेक्सटाइल क्लस्टर का विस्तार किया जा रहा है। बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) द्वारा यहां 10 नए औद्योगिक शेडों का निर्माण कराया जा रहा है। इन शेडों में रेडीमेड वस्त्र निर्माण से जुड़ी इकाइयां स्थापित होंगी, जिससे स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
बियाडा के अधिकारियों के अनुसार, प्रत्येक नए शेड में लगभग 500 लोगों को रोजगार देने की क्षमता होगी। इस तरह 10 नए शेड बनने के बाद लगभग 5,000 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार उपलब्ध होगा। यह विस्तार बिहार सरकार की उस नीति का हिस्सा है जिसके तहत राज्य के कुशल कारीगरों और श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर रोजगार देकर पलायन को रोकना है।
बेला औद्योगिक क्षेत्र में टेक्सटाइल क्लस्टर पहले से ही संचालित है, जिसमें 15 शेडों में उत्पादन कार्य चल रहा है। 10 नए शेड जुड़ने के बाद क्लस्टर की कुल क्षमता बढ़कर 25 शेड हो जाएगी। देश की कई नामी रेडीमेड गारमेंट कंपनियां इस क्लस्टर से जुड़ने के लिए संपर्क में हैं।
टेक्सटाइल क्लस्टर के साथ ही बेला औद्योगिक क्षेत्र में लेदर क्लस्टर का विकास भी तेज़ी से हो रहा है। वर्तमान में लेदर क्लस्टर के 24 शेडों में उत्पादन कार्य चल रहा है, जहां करीब एक हजार जीविका दीदियों को रोजगार मिला है। महिला श्रमिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिसर में प्ले स्कूल और कैंटीन की व्यवस्था भी की गई है, ताकि महिलाएं निश्चिंत होकर कार्य कर सकें।
