Chhapra news: अंगीठी हादसे में जान गंवाने वाले तीन मासूमों का अंतिम संस्कार, शहर में पसरा सन्नाटा
बिहार के छपरा में अंगीठी के धुएं से दम घुटने के कारण हुई दर्दनाक घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। शनिवार देर रात तीन मासूम बच्चों को एक साथ अंतिम विदाई दी गई, जिससे हर आंख नम हो गई। नगर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में हुई इस घटना में एक ही परिवार के कई सदस्य प्रभावित हुए।
मृतकों में 7 माह की अद्या, 3.5 वर्षीय तेजांस और 11 माह की गुड़िया शामिल थे। इन मासूमों के शवों को सदर अस्पताल से आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों को सौंपा गया। दो बच्चों को खोने वाले पिता विजय सिंह और बेटी को खोने वाले दीपक सिंह का रो-रोकर बुरा हाल था।
तीनों बच्चों की अर्थियां नेवाजी टोला दियारा क्षेत्र में सरयू नदी के घाट तक लाई गईं। इस दौरान घाट पर मौजूद हर व्यक्ति गमगीन था। जिन नन्हे हाथों में खिलौने होने चाहिए थे, उन्हें असमय मौत ने छीन लिया। इस त्रासदी के बाद पूरे मोहल्ले में सन्नाटा पसरा हुआ है और घरों में चूल्हे तक नहीं जले हैं।
इसी हादसे में जान गंवाने वाली 70 वर्षीय कमलावती देवी का अंतिम संस्कार रविवार को रिविलगंज के सेमरिया मुक्तिधाम घाट पर किया गया। उनके पुत्र संजय शर्मा उर्फ मंटू ने मुखाग्नि दी। मां को खोने के गम से वह खुद को संभाल नहीं पाए और फूट-फूट कर रो पड़े।
इस हृदय विदारक विदारक घटना ने छपरा शहर के संवेदनशील मन को झकझोर कर रख दिया है। एक ही हादसे में कई परिवारों के उजड़ जाने से हर कोई स्तब्ध है। लोग शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधा रहे हैं और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
