बिहार में 23 साल का रिकॉर्ड टूटा, Samastipur में सबसे ठंडा दिन; 20 दिसंबर तक कोल्ड डे की स्थिति
उत्तर बिहार के जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जहां समस्तीपुर में शुक्रवार का दिन पिछले 23 सालों में सबसे ठंडा रिकॉर्ड किया गया। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए सत्तार के अनुसार, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 15.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 7 डिग्री कम रहा, जिसके कारण कोल्ड डे की स्थिति बनी रही।
मौसम विभाग ने बताया है कि वायुमंडल के ऊपरी हिस्से से ठंडी हवाओं के प्रवेश और पछुआ हवा चलने के कारण यह स्थिति बनी है। उत्तर बिहार के जिलों में 20 दिसंबर तक कोल्ड डे की स्थिति जारी रहने की संभावना है। सुबह में हल्का से मध्यम कोहरा छाया रहेगा। हालांकि, 20 दिसंबर के बाद मौसम में हल्की सुधार होने की उम्मीद है, लेकिन ठंड का प्रकोप जारी रहेगा।
मौसम के मिजाज को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को विशेष सलाह दी है। फसलों को पाले से बचाने के लिए खेतों में नमी बनाए रखने की सलाह दी गई है। पशुओं को खुले स्थान पर न रखने और बिछावन के लिए सूखी घास का उपयोग करने की सलाह दी गई है। साथ ही पशुओं को लीवर फ्लू बीमारी से बचाने के लिए धान का पुआल न खिलाने की हिदायत दी गई है।
