आगरा इनर रिंग रोड पर ‘Police’ लिखी कार सवारों ने युवक को पीटा, 3 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं
आगरा के इनर रिंग रोड पर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां ‘Police’ लिखी एक कार में सवार लोगों ने एक युवक को बेरहमी से पीटा। पीड़ित भूपेंद्र कुमार अपनी पत्नी के साथ फतेहाबाद रोड स्थित एक मेडिकल कॉलेज जा रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि रहनकलां टोल प्लाजा पर उनकी कार को ओवरटेक करने को लेकर विवाद शुरू हुआ।
पीड़ित के अनुसार, ‘Police’ लिखी स्विफ्ट कार में सवार चार-पांच लोगों ने उन पर तंज कसना शुरू कर दिया। आगे इनर रिंग रोड पर आरोपियों ने उनकी कार को रोक लिया और बिना किसी कारण मारपीट शुरू कर दी। भूपेंद्र कुमार ने बताया कि हमलावर नशे में थे।
इस घटना का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह था कि हमलावरों की कार में एक वर्दीधारी पुलिसकर्मी भी मौजूद था, लेकिन उसने मारपीट रोकने या पीड़ित को बचाने का कोई प्रयास नहीं किया। पीड़ित ने डायल 112 पर शिकायत की, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें चौकी पर तहरीर देने को कहा।
पीड़ित ने छलेसर चौकी पर तहरीर दी, लेकिन तीन दिन तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। जब पीड़ित शुक्रवार को अपना प्रार्थना पत्र वापस लेने चौकी पहुंचा, तब जाकर पुलिस हरकत में आई। थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि टोल पर कार पहले निकालने के विवाद की तहरीर मिली है और जांच के बाद मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
