जामिया मिलिया इस्लामिया में छात्र संघ चुनाव विवाद गहराया, सांसदों पर FIR दर्ज | delhi university news
दिल्ली की प्रतिष्ठित जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव बहाल कराने को लेकर उपजा विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। यूनिवर्सिटी प्रशासन की शिकायत पर दिल्ली पुलिस ने तीन सांसदों के खिलाफ अनाधिकृत रूप से कैंपस में प्रवेश करने और छात्रों को भड़काने के गंभीर आरोपों में एफआईआर दर्ज की है। इस कार्रवाई के बाद से छात्र संगठनों और पुलिस प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।
छात्र संगठन एसएफआई ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे सैकड़ों छात्रों को गेट नंबर 7 के बाहर से हिरासत में लिया है। सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो भी सामने आए हैं जिनमें पुलिसकर्मियों द्वारा छात्राओं को जबरन हिरासत में ले जाया0 जाते देखा जा सकता है। इससे पहले, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और सपा सांसद मोहिबुल्लाह नदवी भी छात्रों के समर्थन में जामिया पहुंचे थे, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया था।
उल्लेखनीय है कि जामिया यूनिवर्सिटी में साल 2006 से छात्र संघ के चुनाव नहीं हुए हैं। पिछले दो हफ्तों से छात्र इसी मांग को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं, और चार छात्र तो पिछले तेरह दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। बढ़ते तनाव और सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने शनिवार से सभी शैक्षणिक कक्षाओं को ऑनलाइन मोड में शिफ्ट कर दिया है। छात्रों को कैंपस में न आने की सलाह दी गई है और पुस्तकालय व मुख्य द्वार अगले आदेश तक बंद कर दिए गए हैं।
यूनिवर्सिटी के उच्च अधिकारियों और शिक्षकों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बन सकी। प्रशासन का कहना है कि छात्रों की मांग पर पहले ही एक समिति का गठन किया जा चुका है और संवाद के रास्ते खुले हैं। वहीं, छात्रों का स्पष्ट कहना है कि जब तक इसी सेमेस्टर में चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं होता और बल प्रयोग करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका यह आंदोलन जारी रहेगा।
