0

हांसी में ठंड से बचने के लिए आग जलाते समय युवक को लगा तेज करंट, 15 मिनट तक रहा बिजली की चपेट में; Hansi news

By Jan 1, 2026

हरियाणा के हांसी शहर में बुधवार दोपहर अनाज मंडी पुलिस चौकी के पास एक युवक को करंट लगने से हड़कंप मच गया। ठंड से बचाव के लिए आग जलाने की तैयारी कर रहे युवक को अचानक बिजली का तेज झटका लगा। युवक करीब 15 मिनट तक बिजली के संपर्क में रहा, जिसके बाद आसपास के लोगों ने अनाज मंडी चौकी प्रभारी को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत हांसी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल युवक की पहचान चार कुतुब गेट निवासी सोनू के रूप में हुई है।

कैसे हुआ हादसा?

सोनू ने अस्पताल में बताया कि वह दिहाड़ी-मजदूरी करता है। बुधवार दोपहर वह अनाज मंडी चौकी के पास ठंड से बचने के लिए अलाव जला रहा था। रोड किनारे पड़ी एक ईंट के नीचे पॉलीथिन पड़ा था, जिसे उठाने के लिए जैसे ही उसने हाथ बढ़ाया, उसे तेज करंट लगा। पास में लगे बिजली के खंभे से करंट ईंट में उतर आया था, जिससे वह बिजली की चपेट में आ गया।

15 मिनट तक रहा करंट की चपेट में

सोनू ने बताया कि वह करीब 15 मिनट तक करंट की चपेट में रहा। आसपास से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद बिजली का झटका लगने से वह दूर जा गिरा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे अस्पताल पहुंचाया। सोनू के पैर में पहले से ही लोहे की रॉड डली हुई है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है और उन्होंने बिजली विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें