0

विवि के एमओयू से भारत की संस्कृति और विचार विश्व पटल पर पहुंचेंगे

By Nov 20, 2025

डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, भारत की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और जन-जन के विचारों को वैश्विक मंच पर पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहा है। विश्वविद्यालय विभिन्न देशों के साथ हुए समझौता ज्ञापनों (एमओयू) के माध्यम से यह महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। यह जानकारी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट द्वारा आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए दी।

यह सम्मेलन हार्वर्ड यूनिवर्सिटी, इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ बिजनेस अमेरिका और सेंटर फॉर ग्लोबल बिजनेस स्टडीज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। सम्मेलन का शुभारंभ कुलपति प्रो. आशु रानी, प्रो. लवकुश मिश्रा और हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के प्रो. नरेंद्र कार्तिकेय रुस्तगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

‘जियो पॉलिटिक्स, ट्रैवल एंड इकोनोमिक्स ग्रोथ’ विषय पर केंद्रित इस सम्मेलन में कुलपति प्रो. आशु रानी ने इस बात पर जोर दिया कि विश्वविद्यालय न केवल भारत की, बल्कि वैश्विक स्तर की जटिल समस्याओं के समाधान हेतु भी प्रयासरत है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की क्षमता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह तकनीक भाषाई बाधाओं को प्रभावी ढंग से दूर कर सकती है, जिससे विचारों का आदान-प्रदान सुगम होगा। इसके साथ ही, उन्होंने भू-राजनीति के तेजी से बदलते परिदृश्य पर भी विस्तृत प्रकाश डाला।

उद्घाटन सत्र में हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के प्रो. नरेंद्र कार्तिकेय रुस्तगी, इंटरनेशनल एकेडमी ऑफ बिजनेस के प्रेसिडेंट प्रो. इमानुएल अनौरियो और सम्मेलन के अंतरराष्ट्रीय संयोजक प्रो. लवकुश मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। प्रो. लवकुश मिश्रा ने बताया कि वर्ष 2016 में हुए समझौते के अनुसार, यह सम्मेलन वर्ष 2000 से निरंतर आयोजित हो रहा है। कोविड-19 महामारी के चुनौतीपूर्ण दौर में भी यह सम्मेलन सफलतापूर्वक ऑनलाइन माध्यम से संपन्न हुआ था।

इस अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में अमेरिका, नाइजीरिया और भारत के विभिन्न प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के शोधार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शोधार्थियों ने प्राचीन ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक बहुलवाद, सतत सभ्यता के विकास, युवाओं की आहार गुणवत्ता में सुधार, तथा फिल्म एवं क्रिएटिव इंडस्ट्री जैसे महत्वपूर्ण उप-विषयों पर अपने शोध-पत्र प्रस्तुत किए। सम्मेलन की अध्यक्षता प्रो. उमापति दीक्षित, प्रो. महेंद्र पाल, प्रो. डीएस यादव और प्रो. सीके तिवारी ने की। इस अवसर पर प्रो. एसपी बंसल, प्रो. आलोक राय, डॉ. एंथनी डी विलबन, अमित कुमार साहू, डॉ. यज्ञमंद्रा अपर्णा, डॉ. अंजली कुमारी, साक्षी तिवारी, कुलदीप यादव, नितिन, अल्बिना, कुलदीप दीक्षित, मानव, दीपक सोलंकी, सोनम रघुवंशी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें