‘राधा रानी के श्राप’ वाले वीडियो पर बवाल, पुरी मंदिर प्रशासन ने इन्फ्लुएंसर पर बिठाई जांच
श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (SJTA) ने शनिवार को इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर शुभंकर मिश्रा के एक वायरल वीडियो की जांच के लिए एक समिति गठित की है। यह कदम मिश्रा के यूट्यूब पोस्ट को लेकर फैली व्यापक नाराजगी के बाद उठाया गया है। वीडियो में कथित रूप से दावा किया गया था कि मंदिर आने वाले अविवाहित जोड़ों का ‘राधा रानी के श्राप’ के कारण ब्रेकअप हो सकता है। वीडियो में यह भी आरोप लगाया गया था कि राधा रानी को पुजारी सेवकों ने मंदिर में प्रवेश नहीं करने दिया और उन्होंने मंदिर को श्राप दिया।
कलेक्टर दिव्य ज्योति परिदा, जो एसजेटीए के उप मुख्य प्रशासक भी हैं, ने बताया कि वीडियो हमारे संज्ञान में आया है और एक समिति इसकी जांच कर रही है। प्रशासन ऐसे किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई के लिए कदम उठा रहा है जो मंदिर से जुड़े तथ्यों को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत करता है, अफवाहें फैलाता है या भ्रामक जानकारी साझा करता है। ऐसे लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुरी के धार्मिक विद्वानों ने कहा कि वीडियो में किए गए दावे किसी भी शास्त्र या पुराण में वर्णित नहीं हैं। श्री जगन्नाथ संस्कृति के वरिष्ठ शोधकर्ता डॉ. भास्कर मिश्र ने कहा कि अपने शोध में मैंने कभी ऐसा कोई उल्लेख नहीं देखा। यह संभवतः काल्पनिक कथा है। वरिष्ठ सेवक हजूरी कृष्णचंद्र खुंटिया ने कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना गलत है। वीडियो बनाने वाले व्यक्ति को हमारी संस्कृति और परंपरा का कोई सम्मान नहीं है, वह सिर्फ टीआरपी के लिए ऐसा कर रहा है। यह अस्वीकार्य है। सेवकों और भक्तों ने इंटरनेट मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से अपील की कि वे जिम्मेदारी से काम लें और कोई भी सार्वजनिक दावा करने से पहले तथ्यों की पुष्टि करें, क्योंकि झूठे दावे सांस्कृतिक धरोहर को विकृत करते हैं और जनता की भावनाओं को आहत करते हैं।
