UP Smart Meter: यूपी में अब निगेटिव बैलेंस पर ऑटोमैटिक कटेगी बिजली, UPPCL ने जारी की चेतावनी
उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन (UPPCL) ने राज्य के स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। कॉरपोरेशन ने कहा है कि अब स्मार्ट मीटरिंग सिस्टम पूरी तरह से ‘गो-लाइव’ हो चुका है और जिन उपभोक्ताओं का बैलेंस ऋणात्मक होगा, उनका कनेक्शन ऑटोमैटिक कट जाएगा। यह नियम उन सभी 69.88 लाख उपभोक्ताओं पर लागू होगा जिनके स्मार्ट मीटर प्रीपेड मोड में काम कर रहे हैं।
यूपी में अब तक 76 लाख से अधिक उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। पावर कॉरपोरेशन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने मीटर का बैलेंस हमेशा सकारात्मक रखें ताकि उन्हें किसी भी असुविधा का सामना न करना पड़े।
उपभोक्ताओं को लगातार अलर्ट भेजने की व्यवस्था भी की गई है। पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से बैलेंस 30 प्रतिशत, 10 प्रतिशत और शून्य होने पर सूचना भेजी जाती है। इसके अलावा, उपभोक्ता ‘यूपीपीसीएल स्मार्ट कंज्यूमर ऐप’ का उपयोग करके अपनी दैनिक और प्रति घंटे की बिजली खपत को ट्रैक कर सकते हैं। यदि किसी उपभोक्ता को बिल या अलर्ट नहीं मिल रहा है, तो वे 1912 पर कॉल करके शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
यह कदम बिजली चोरी रोकने और बिलिंग प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए उठाया गया है। उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे समय पर रिचार्ज करके बिजली कटौती से बचें।
