UP news: गोरखपुर में दिव्यांग को बस में चढ़ने से रोका, चालक ने कहा- ‘तुम जैसों से चालान कटता है’
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में परिवहन निगम की संवेदनहीनता का एक मामला सामने आया है। यहां एक बस चालक ने 90 प्रतिशत दिव्यांग यात्री को बस में चढ़ने से मना कर दिया। चालक ने न सिर्फ यात्री को बस में नहीं चढ़ने दिया, बल्कि उसे अपमानित भी किया। पीड़ित यात्री ने इस घटना की शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की है।
देवरिया के रुद्रपुर निवासी ओम प्रकाश शुक्ला दवा लेने गोरखपुर आए थे। शाम को जब वह वापस जाने के लिए बस स्टेशन पहुंचे, तो रुद्रपुर जाने वाली बस के परिचालक ने उन्हें चढ़ने की अनुमति दे दी। लेकिन जैसे ही ओम प्रकाश बस में चढ़ने लगे, चालक ने उन्हें रोक दिया। चालक ने कहा कि वह ‘ऐसे यात्रियों’ को नहीं ले जाएगा, क्योंकि उन्हें उतारने के दौरान पुलिस चालान काट देती है और गालियां देती है।
ओम प्रकाश ने अपनी दिव्यांगता और मजबूरी का हवाला देते हुए बार-बार गुहार लगाई, लेकिन चालक का दिल नहीं पसीजा। उन्हें अपमानित होकर दूसरी बस का इंतजार करना पड़ा। इस घटना से आहत होकर उन्होंने मुख्यमंत्री के एक्स हैंडल पर अपनी आपबीती साझा की और न्याय की गुहार लगाई।
मामले की जानकारी मिलने पर गोरखपुर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक महेश चन्द्र ने जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद दोषी पाए जाने पर चालक को निष्कासित किया जाएगा और बस का संचालन भी रोका जाएगा।
