0

वाराणसी news: सीवेज प्लांट में संविदा चालक का शव मिलने से हड़कंप, परिजनों ने हत्या का आरोप लगा किया हंगामा

By Dec 24, 2025

वाराणसी के रमना सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट में बुधवार को उस समय तनाव फैल गया जब प्लांट परिसर के एक कमरे में संविदा चालक लवकुश पटेल (24) का शव फंदे से लटका मिला। लवकुश जल विभाग में संविदा चालक के पद पर कार्यरत था। घटना की जानकारी सुबह गार्ड रंजीत पटेल ने पुलिस और मृतक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला।

परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया। उनका आरोप है कि सुरक्षा गार्ड रंजीत पटेल ने अन्य लोगों के साथ मिलकर लवकुश की हत्या की है और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। परिजनों ने प्लांट परिसर में जमकर तोड़फोड़ की और हंगामा किया। मृतक लवकुश पटेल राजातालाब थाना क्षेत्र के गजापुर गांव का निवासी था और उसकी शादी मात्र डेढ़ माह पहले ही हुई थी।

हंगामे की सूचना पर लंका थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को शांत कराया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के मोबाइल फोन की जांच की जाएगी और आरोपित गार्ड से पूछताछ की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा है कि कर्मचारी अक्सर रात में पार्टी करते थे और मंगलवार की शाम लवकुश घर नहीं गया था, जिससे कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।

About

Journalist covering latest updates.

साझा करें