UP Board Result: कानपुर में मूल्यांकन शुरू, पहले दिन नदारद रहे परीक्षक, सिर्फ 16 हजार कॉपियां जंचीं
कानपुर में माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का विधिवत मूल्यांकन बुधवार से शुरू हो गया। हालांकि, पहले दिन ही परीक्षकों की कमी के कारण मूल्यांकन कार्य प्रभावित हुआ। शहर के पांच केंद्रों पर पहले दिन सिर्फ 16 हजार कॉपियों का ही मूल्यांकन हो सका।
शिक्षकों की अन्य कार्यों में व्यस्तता और 22 मार्च को होने वाली एक प्रतियोगी परीक्षा के प्रशिक्षण के कारण परीक्षक बहुत कम संख्या में पहुंचे। मूल्यांकन का कार्य मंगलवार से शुरू किया गया था, लेकिन पहले दिन प्रशिक्षण और अन्य व्यवस्थाओं में बीत गया। बुधवार से विधिवत मूल्यांकन की शुरुआत हुई, जिसमें हाईस्कूल की 12 हजार और इंटरमीडिएट की चार हजार कॉपियां जांची गईं।
इंटरमीडिएट की कॉपियों के मूल्यांकन के लिए बीएनएसडी इंटर कॉलेज, एबी विद्यालय और सुभाष इंटर कॉलेज में 1,138 परीक्षक लगाए गए हैं, लेकिन बुधवार को इनकी उपस्थिति बेहद कम रही। इस कारण हाईस्कूल के मुकाबले इंटरमीडिएट की कॉपियां एक तिहाई ही जांची जा सकीं।
राजकीय इंटर कॉलेज चुन्नीगंज और डीएवी कॉलेज में हाईस्कूल की 3,20,000 कॉपियों का मूल्यांकन होना है। यहां 1746 शिक्षक तैनात किए गए हैं। हाईस्कूल के परीक्षकों की संख्या इंटरमीडिएट से अधिक रही, जिससे यहां तीन गुना कॉपियों का मूल्यांकन हो सका।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यदि तीन दिनों तक परीक्षकों की संख्या में सुधार नहीं होता है, तो प्रतीक्षा सूची से शिक्षकों को बुलाया जाएगा। सेंटरों को प्रतीक्षा सूची भेजी जा चुकी है, जिसके माध्यम से परीक्षकों को बुलाकर मूल्यांकन कराया जा सकता है।
