UP ATS ने BDS छात्र को किया गिरफ्तार, चला रहा था ISIS propaganda
उत्तर प्रदेश एटीएस ने मुरादाबाद से एक बीडीएस छात्र को गिरफ्तार किया है, जिस पर प्रतिबंधित आतंकी संगठन आईएसआईएस के लिए ऑनलाइन प्रोपेगेंडा चलाने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सहारनपुर निवासी हारिश अली (19) के रूप में हुई है, जो मुरादाबाद में बीडीएस द्वितीय वर्ष का छात्र है।
एटीएस को सूचना मिली थी कि देश के विभिन्न राज्यों में कुछ लोग आईएसआईएस के लिए ऑनलाइन नेटवर्क तैयार कर रहे हैं। ये लोग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और एन्क्रिप्टेड ऐप्स जैसे सेशन और डिस्कॉर्ड पर गुप्त समूह बनाकर युवाओं को जिहादी विचारधारा से जोड़ने का प्रयास कर रहे थे। इन समूहों के माध्यम से संगठन की प्रचार सामग्री, आतंकी विचारधारा और निर्देश साझा किए जा रहे थे, जिसका उद्देश्य भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देना था।
जांच में पता चला कि हारिश ने ‘अल इत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन’ नाम से एक अलग समूह भी बनाया था। इस समूह में वह आईएसआईएस के मीडिया चैनल ‘अल-नाबा’ और उसकी प्रचार पत्रिका ‘दाबिक’ से जुड़ी सामग्री साझा करता था। इन समूहों में मारे गए आतंकियों के फोटो, वीडियो और ऑडियो के साथ आतंकी भाषण और प्रचार सामग्री भी पोस्ट की जाती थी।
पूछ
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लोकतांत्रिक व्यवस्था को नहीं मानता और शरिया कानून लागू कर खिलाफत व्यवस्था स्थापित करना चाहता था। इसके लिए वह समूह के सदस्यों को फिदायीन हमले करने के लिए प्रेरित करता था। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का संपर्क भारत के अलावा पाकिस्तान और अन्य देशों में मौजूद आईएसआईएस हैंडलरों से भी था।
