यूक्रेन का अनोखा हथियार: BMW 7-सीरीज में लगाया रॉकेट लॉन्चर, Russia को चौंकाने की तैयारी
यूक्रेन ने रूस के खिलाफ जंग में एक अप्रत्याशित हथियार का इस्तेमाल किया है। यूक्रेनी सेना ने एक पुरानी BMW E38 7-सीरीज कार को मॉडिफाई कर उसमें मल्टीपल-लॉन्च रॉकेट सिस्टम (MLRS) फिट कर दिया है। यह अनोखा वाहन बखमुत के पास देखा गया है।
इस मॉडिफाइड BMW को इस तरह से तैयार किया गया है कि यह दुश्मन के ठिकानों पर तेजी से हमला कर सके और फिर तुरंत वहां से निकल सके। गाड़ी को कैमॉफ्लाज के लिए ग्रे-हरे रंग से रंगा गया है, जिससे यह आसपास के माहौल में आसानी से छिप जाती है। छत पर लगे रॉकेट लॉन्चर को अलग-अलग फायरिंग पोजीशन के लिए घुमाया जा सकता है। फायरिंग से पहले गाड़ी को स्थिर करने के लिए विशेष पैर बाहर निकाले जाते हैं।
यह कॉन्सेप्ट यूक्रेन में नया नहीं है। पहले भी हल्के वाहनों और पिकअप ट्रकों पर रॉकेट लॉन्चर लगाकर इन्फेंट्री यूनिट्स को कम दूरी की फायरिंग में मदद दी जाती रही है। पारंपरिक तोपखाने पर निर्भरता कम करने के लिए, यूक्रेन की 114वीं टेरिटोरियल डिफेंस ब्रिगेड ऐसे मॉडिफाइड वाहनों का उपयोग कर रही है। ये वाहन दुश्मन के ड्रोन और जवाबी हमले से बचने में भी मददगार साबित हो रहे हैं।
