नए साल में मेरठ-हापुड़ के बीच सफर होगा आसान, 14 गांवों के 50 हजार लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
हापुड़ जिले के निवासियों के लिए मेरठ-किठौर का आवागमन अब और भी सुविधाजनक होने जा रहा है। नए साल में जिले से अयादनगरनगर होकर आवागमन आरंभ हो जाएगा। अयादनगर की काली नदी पर बन रहे पुल का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि फरवरी तक इस पुल को आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।
इसके साथ ही, असरा में भी काली नदी पर बन रहा दूसरा पुल अप्रैल तक तैयार होने की संभावना है। इन दोनों विकास कार्यों पर करीब 27.84 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन दोनों पुलों के शुरू होने से कुल 14 गांवों के लगभग 50 हजार ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा, जिससे उनका दैनिक जीवन आसान हो जाएगा।
राज्य सेतु निगम द्वारा 7.84 करोड़ रुपये की लागत से अयादनगरनगर मार्ग पर काली नदी के ऊपर पुल का निर्माण कराया जा रहा है। इस पुल का 98 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि फरवरी तक कार्य पूरा हो जाएगा और पुल को आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा।
वहीं, गांव असरा से सफियाबाद लोटी मार्ग पर काली नदी पर बन रहे पुल का करीब 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। लगभग 20 करोड़ की लागत से हो रहे इस कार्य में 80 मीटर पुल का निर्माण होगा। इसके बाद यहां से दोपहिया के अलावा चार पहिया वाहनों का आवागमन भी आरंभ हो जाएगा। इससे वाहन मेरठ और गढ़ की तरफ भी आसानी से आवागमन कर पाएंगे।
अधिकारियों के अनुसार, अयादनगर का पुल नए साल में आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। वहीं, गांव असरा में बन रहा पुल अप्रैल माह तक बनाकर आवागमन के लिए खोला जाएगा। इससे अयादनगरनगर, भटैल, सलाई, गोंदी, सुल्तानपुर, दोयमी, धनौरा, वझीलपुर, असरा, मुरादपुर और आगापुर सहित कुल 11 गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिल सकेगी।
