गुरदासपुर में दर्दनाक हादसा: माता चिंतपूर्णी से लौट रहे परिवार पर टूटा कहर, कार-ट्रॉली भिड़ंत में एक की मौत
गुरदासपुर में मुकेरियां-गुरदासपुर रोड पर जगतपुर टांडा गांव के पास एक तेज रफ्तार कार गन्ने से भरी ट्राली से टकरा गई, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए। यह हादसा वीरवार देर शाम हुआ जब बटाला का एक परिवार माता चिंतपूर्णी दरबार से माथा टेककर लौट रहा था।
जानकारी के अनुसार, बटाला के गांधी कैंप निवासी विजय कुमार के बेटे नितिश कुमार अपने परिवार के साथ माता चिंतपूर्णी के दर्शन करने के बाद कार में घर लौट रहे थे। गुरदासपुर-मुकेरियां रोड पर गांव जगतपुरा टांडा के पास उनकी तेज रफ्तार कार आगे जा रही गन्ने की ट्राली से जा टकराई। बताया जा रहा है कि कार चालक ट्राली को दूर से नहीं देख पाया और कार अनियंत्रित होकर ट्राली के पीछे जा घुसी। हादसा इतना भयंकर था कि कार ट्राली के नीचे बुरी तरह फंस गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और पास के पेट्रोल पंप पर काम करने वाले कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। लोगों ने कार की खिड़कियां तोड़ कर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला। हादसे में घायल नितिश कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि नैनसी, सिमरन और तरसेम के अलावा दो लोग घायल हो गए।
सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम ने घायलों को तुरंत मुकेरियां के अस्पताल में दाखिल करवाया। सिमरन और तरसेम की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अमृतसर रेफर कर दिया गया है। नैनसी का मुकेरियां के अस्पताल में ही इलाज चल रहा है, जबकि दो लोगों को मामूली चोट लगने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। पुराना शाला के प्रभारी सुरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
