कालका काली माता मंदिर में दर्शन का समय बदला, कॉरिडोर निर्माण के चलते लिया गया फैसला
कालका स्थित काली माता मंदिर के कॉरिडोर निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड ने निर्माण कार्य को देखते हुए 20 दिसंबर तक नई समय सीमा निर्धारित की है। बोर्ड के सचिव पृथ्वी राज मित्तल ने बताया कि पहले मंदिर के गुंबद को तोड़ने का कार्य शुरू किया गया था, जो अब पूरा हो चुका है। इसके बाद अब मंदिर के मुख्य हाल को तोड़ने का कार्य किया जाएगा, जिसके चलते दिन के समय मंदिर भक्तों के लिए बंद रहेगा।
मुख्य मंदिर के अंदर गर्भगृह की सुरक्षा के लिए चारों ओर लोहे के मोटे एंगल लगाने का कार्य भी पूरा कर लिया गया है, ताकि गर्भगृह की मुख्य छत और दीवारों को आसानी से तोड़ा जा सके। पांडव कालीन माने जाने वाले इस काली माता मंदिर को अगले करीब दो वर्षों में भव्य रूप दिया जाएगा। माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड इस मंदिर को भव्य बनाने के लिए लंबे समय से प्रयासरत है।
शक्तिपीठ काली माता मंदिर कॉरिडोर के निर्माण पर लगभग 4 करोड़ 30 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। इस राशि से मंदिर भवन के निर्माण के साथ-साथ अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। नए भव्य भवन में भजन कीर्तन के लिए हाॅल, यज्ञशाला और बाहर से आने वाले भक्तों के लिए रात्रि ठहराव की व्यवस्था भी की जाएगी।
